जम्मू , जुलाई 15 -- जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी संख्या का प्रबंधन सुचारु रूप से करने के लिए जनशक्ति की तैनाती का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित करें।

उप राज्यपाल ने इस बात पर बल दिया कि अधिकारियों को मौसम विभाग की भविष्यवाणियों पर कड़ी नज़र रखनी चाहिए और मौसम में किसी प्रकार की अनिश्चितता के प्रति सतर्क रहना चाहिए। यहां भगवती नगर यात्री निवास के दौरे पर आए श्री सिन्हा ने चल रही श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं की समीक्षा की। उप राज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सुरक्षा बलों, श्राइन बोर्ड और नागरिक प्रशासन के अधिकारियों के साथ बातचीत की तथा श्रद्धालुओं का प्रवास आरामदायक बनाने के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने उनके कठिन परिश्रम की सराहना की और उनसे प्रत्येक यात्री को एक दिव्य अतिथि के रूप में सम्मानपूर्वक व्यवहार करने का आग्रह किया।

उप राज्यपाल ने कहा, "सिर्फ 12 दिनों में पवित्र तीर्थयात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या तीन लाख पार कर चुकी है और श्रद्धालुओं के लिए एक सुचारु एवं परेशानी-मुक्त अनुभव सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।" उपराज्यपाल ने बाबा बर्फानी के सभी श्रद्धालुओं के लिए त्रुटिरहित पंजीकरण, आरामदायक आवास एवं सुचारु यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।उन्होंने जम्मू को बढ़ावा देने पर भी बल दिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जम्मू डिवीज़न के प्रमुख आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए यात्रा आयोजित करें । इसके साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों का भी सक्रिय प्रचार-प्रसार करें।

उप राज्यपाल ने कहा, "हमारा लक्ष्य है कि जब बाबा अमरनाथ के तीर्थयात्री घर लौटें तो वे अपने साथ जम्मू की खूबसूरत स्थानीय हस्तनिर्मित वस्तुएं एवं अविस्मरणीय यादें अपने साथ लेकर जाएं। हम सब मिलकर इस साल की यात्रा को सचमुच ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेते हैं।" उन्होंने सामुदायिक रसोईघरों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती, स्वागत एवं आवास केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, श्रद्धालुओं का मौके पर पंजीकरण, परिवहन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

बैठक में जम्मू के मंडलीय आयुक्त, रमेश कुमार ने धोखाधड़ी वाली गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध शुरू की गई कानूनी कार्रवाई के बारे में जानकारी दी । उपराज्यपाल ने आगे निर्देश दिया कि किसी भी अधिकारी के कदाचार में शामिल पाए जाने पर उसके विरुद्ध प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। उपराज्यपाल ने श्री अमरनाथजी के श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और उन्हें सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं मंगलमय तीर्थयात्रा की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित