श्रीनगर , जून 30 -- जम्मू-कश्मीर में तीन जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए श्रीनगर तथा गुलमर्ग के बीच पर्यटकों को ले जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर शाम 5.00 बजे के बाद पाबंदियां लगा दी गई हैं।

पुलिस ने गुलमर्ग जाने की योजना बना रहे सभी पर्यटकों और यात्रियों को सलाह दी है कि वे यातायात मुख्यालय और क्षेत्रीय पुलिस मुख्यालय कश्मीर द्वारा बताई गई यातायात पाबंदियों का सख्ती से पालन करें।

जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा जारी यातायात सलाह के अनुसार शाम 5 बजे के बाद किसी भी पर्यटक गाड़ी को गुलमर्ग से श्रीनगर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह शाम 5 बजे के बाद किसी भी पर्यटक गाड़ी को श्रीनगर से गुलमर्ग की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस ने कहा, "ये पाबंदियां यात्रा की तय अवधि के दौरान लागू रहेंगी।" सभी पर्यटकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और तय समय के भीतर अपनी आगे की और वापसी की यात्रा पूरी कर लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित