श्रीनगर , जुलाई 12 -- केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने पहलगाम के नुनवान आधार शिविर में चल रही श्री अमरनाथ जी यात्रा के लिए सुरक्षा इंतज़ामों का जायज़ा लिया और जवानों को निर्देश दिया कि वे तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए संचालनात्मक तैयारी, सतर्कता और बेहतर तालमेल का उच्चतम स्तर बनाए रखें।

अधिकारियों ने बताया कि महानिदेशक ने शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक आकलन किया। उन्होंने तैनाती की योजनाओं, एक्सेस कंट्रोल के उपायों, निगरानी और संचार प्रणालियों, चिकित्सा सहायता और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) , जम्मू-कश्मीर पुलिस, नागरिक प्रशासन एवं अन्य संबंधित पक्षों के बीच तालमेल की समीक्षा की।

महानिदेशक ने सीआईएसएफ जवानों के पेशेवर रवैये और समर्पण की सराहना की और सभी रैंक के कर्मियों को 'मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का सख्ती से पालन करने और पूरी यात्रा के दौरान सतर्क रहने का निर्देश दिया।

सीआईएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि महानिदेशक ने सीआईएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) (उत्तर) सुधीर कुमार और पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) (उत्तर ज़ोन-2) के साथ पहलगाम के नुनवान आधार शिविर का दौरा किया और चल रही यात्रा के लिए सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा की।

उन्होंने दौरे के दौरान सीआईएसएफ महानिदेशक ने नुनवान आधार शिविर में प्रमुख सुरक्षा तैनाती स्थलों का निरीक्षण किया। इनमें चेक पोस्ट, संचार केंद्र, सीआरपीएफ तैनाती स्थल, क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी), क्विक एक्शन टीम (क्यूएटी), सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष, संयुक्त पुलिस नियंत्रण कक्ष (जेपीसीआर) तथा लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं शामिल थीं।

प्रवक्ता ने कहा कि तोड़-फोड़ विरोधी उपायों, इलाके पर नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, रास्ते की सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति में तेज़ी से कार्रवाई करने की तैयारी पर विशेष ज़ोर दिया गया। उन्होंने जवानों की बैरक और तीर्थयात्रियों के शिविर का भी दौरा किया, स्वास्थ्य कर्मियों और महिला कर्मियों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया।

महानिदेशक ने अमरनाथ यात्रा की समग्र तैयारियों का आकलन करने के लिए एक उच्च-स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की।

बैठक में सीआईएसएफ , सीआरपीएफ , आईटीबीपी, जम्मू-कश्मीर पुलिस और नागरिक प्रशासन के दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बल के एडीजीपी (उत्तर) सुधीर कुमार, सीआईएसएफ के कश्मीर ऑपरेशन्स सेक्टर (केओएस) के पुलिस महानिरीक्षक विनीत बृजलाल, सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार वर्मा, आईटीबीपी के पुलिस महानिरीक्षक अकून सभरवाल, सीआईएसएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) (उत्तर ज़ोन-2) एम.के. यादव, सीआरपीएफ के उप महानिरीक्षक आशीष भारती और अनंतनाग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमोद नागपुरे शामिल हुए।

श्री रंजन ने जवानों के पेशेवर रवैये और लगन की तारीफ की और यात्रा के दौरान ऑपरेशनल तैयारी, सतर्कता और अलग-अलग एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर ज़ोर दिया। उन्होंने सभी रैंक के अधिकारियों और जवानों को एसओपी का सख्ती से पालन करने, हर समय सतर्क रहने और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने जवानों की प्रतिबद्धता की तारीफ़ की और भरोसा जताया कि बल पूरी पेशेवर ईमानदारी के साथ अपनी ज़िम्मेदारियां निभाते रहेंगे, जिससे श्री अमरनाथ जी यात्रा सुचारू, सुरक्षित और बिना किसी घटना के संपन्न हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि गत तीन जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक दो लाख से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित