जम्मू , जून 23 -- जम्मू-कश्मीर में तीन जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा से पहले मंगलवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के जवानों के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के कमांडो ने भगवती नगर स्थित यात्री निवास आधार शिविर में सुरक्षा मॉक ड्रिल की।

एक अधिकारी ने कहा, "सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा शुरू होने से पहले आधार शिविर और आसपास के इलाकों में समय-समय पर मॉक ड्रिल की जाती है।" उन्होंने बताया कि आज एनएसजी के कमांडो ने श्री अमरनाथ आधार शिविर में अपनी तैयारियों को और मजबूत किया।

अधिकारियों ने कहा कि तीन जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू में सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय ने 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर में पहले ही 70,000 अतिरिक्त जवानों को तैनात कर दिया है।

अधिकारियों ने कहा, "इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना भी सुरक्षा अभियानों और सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल हैं।" एनएसजी कमांडो ने तैयारी का जायजा लेने के लिए श्री अमरनाथ यात्री बेस कैंप में एक बड़ी सुरक्षा ड्रिल की।

अधिकारियों ने बताया कि एनएसजी कमांडो ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसओजी के जवानों के साथ मिलकर आधार शिविर में मॉक ड्रिल के तहत तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने कहा, "टीमों ने डॉग स्क्वॉड के साथ मिलकर पूरी जगह की अच्छी तरह से तलाशी ली और किसी भी आपातकालीन स्थिति में प्रभावी ढंग से निपटने की अपनी तैयारी को भी परखा।"सुरक्षा बलों ने कठुआ से श्रीनगर तक लगभग 400 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को सुरक्षित कर लिया है और इस संवेदनशील रास्ते पर लगातार नज़र रखने के लिए पूरे मार्ग पर जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा जम्मू के पास पाकिस्तान के साथ लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी निगरानी और सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित