जम्मू , जुलाई 10 -- जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से शुक्रवार को कम से कम छह तीर्थयात्री घायल हो गये। घायलों में एस एक महिला की हालत नाजुक है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि राजमार्ग पर उधमपुर-चेनानी हिस्से में तोल्डी नाला के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह दुर्घटना घटी। उन्होंने बताया कि घायल छह तीर्थयात्री मध्य प्रदेश के रहने वाले है और हादसे के समय वे पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर की यात्रा पर जा रहे थे। इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है।

घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस, यातायात पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) जवान, सेना के जवान और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, उधमपुर के एसोसिएटेड हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ से गंभीर रूप से घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए जम्मू के सरकारी चिकित्सा कॉलेज भेज दिया गया।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित