जम्मू , जून 29 -- अमरनाथ यात्रा के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंधों के तहत, जम्मू के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के साथ मिलकर यहां रघुनाथ मंदिर में संयुक्त आतंकवाद विरोधी मॉक ड्रिल की। श्री अमरनाथ की वार्षिक यात्रा तीन जुलाई से शुरू होने जा रही है। तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को यहां भगवती नगर स्थित यात्री निवास से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जायेगा।
प्रवक्ता ने बताया, " संयुक्त मॉक ड्रिल के दौरान उच्च जोखिम वाली आतंकवादी आपात स्थिति का काल्पनिक दृश्य तैयार किया गया था। इसमें त्वरित कार्रवाई, इलाके पर नियंत्रण, जवाबी रणनीति, बंधक बचाव, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का अभ्यास किया गया।"उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) की जांच करना, आपसी परिचालन तालमेल को बढ़ाना और किसी भी सुरक्षा आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना था।
उन्होंने बताया कि यह ड्रिल संयुक्त तैयारी अभ्यासों का हिस्सा है, जिन्हें जम्मू भर के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर आयोजित किया जायेगा। उन्होंने कहा, " इसका उद्देश्य परिचालन तत्परता का आकलन करना, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करना और संभावित खतरों के खिलाफ उच्च स्तर की तैयारी वाले स्थानों पर सुरक्षा तंत्र को और पुख्ता करना है।"उन्होंने कहा कि इस अभ्यास के दौरान जम्मू एसओजी, एनएसजी और अन्य सुरक्षा हितधारकों के बीच बेहतरीन तालमेल देखा गया, जो उनके उच्च स्तर के पेशेवर रुख, आपसी सामंजस्य और परिचालन तत्परता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, " तैयारियों को और बेहतर बनाने तथा अमरनाथ यात्रा के दौरान और उसके बाद भी मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए इस तरह के वास्तविक मॉक ड्रिल नियमित रूप से आयोजित किये जाते रहेंगे।" उन्होंने कहा कि जम्मू पुलिस तीर्थयात्रियों, स्थानीय निवासियों और आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित