रायपुर , अगस्त 24 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सावन के अंतिम सोमवार को अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा के दर्शन किए और नर्मदा उद्गम स्थल स्थित नर्मदा कुंड में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों से मुलाकात कर यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

श्री शर्मा ने अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों को भोजन प्रसादी वितरित की और उनके साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं और उनकी आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी ली।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक करीब 150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन और ठहरने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ पेट्रोलिंग दलों को भी तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित