कोटा , अप्रैल 15 -- राजस्थान में कोटा के वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जा रही पीटीईटी परीक्षा में अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में उनके गृह जिले में स्थित बी.एड. कॉलेज आवंटित करने को प्राथमिकता दी जाएगी।

समन्वयक प्रो. क्षमता चौधरी ने बुधवार को बताया कि दो वर्षीय बी.एड. पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अब तक 77 हज़ार आवेदन प्राप्त हुए है। अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए उनके द्वारा भरे गए स्थाई पते के नजदीक कॉलेज आवंटन करने का प्रयास किया जायेगा। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थी के मूल निवास के जिले को प्राथमिकता देते हुए प्रथम विकल्प के रूप में रखा जाएगा।

सह समन्वयक डॉ. रवि गुप्ता ने बताया कि अक्सर बी.एड. करने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने निवास स्थान के समीप स्थित कॉलेज का चयन चाहते है। इसी को मद्देनजर रखते हुए आवंटन में स्वयं के जिले में स्थित कॉलेज की वरीयता स्वतः ही सर्वोच्च रखी जाएगी और यथा संभव वहीं का महाविद्यालय ही आवंटित होगा।

आयोजन समिति के सदस्य डॉ.सुरेन्द्र कुमार कुलश्रेष्ठ ने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों में 64 प्रतिशत महिला अभ्यर्थी हैं और इनकी संख्या पुरुष अभ्यर्थियों से करीब दुगुनी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित