चेस्टर-ली-स्ट्रीट , जुलाई 01 -- सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (59) और कप्तान श्रेयस अय्यर (68) के बेहतरीन अर्धशतकों तथा शिवम दुबे की नाबाद 42 रन की शानदार पारी से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी 20 मैच में बुधवार को सात विकेट पर 189 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया।
भारत ने टॉस जीतकर खराब शुरुआत करते हुए दो विकेट जल्दी गंवा दिए। संजू सैमसन और इशान किशन के रूप में भारत को दूसरे ओवर में ही दो झटके लग गए जिसमें किशन लगातार दूसरी बार रन आउट हुए। हालांकि अभिषेक ने जल्द ही रफ़्तार पकड़ी और श्रेयस अय्यर ने एक छोर संभाले रखा। अभिषेक अर्धशतक पूरा करने के बाद आउट हो गए लेकिन श्रेयस डटे रहे और तिलक के साथ उन्होंने भारतीय पारी को संभाला। इसके बाद शिवम दुबे के साथ मिलकर उन्होंने भारत को अच्छी स्थिति में पहुंचाया और कप्तानी पारी भी खेली। अंतिम ओवरों में दुबे के आक्रमण से भारत ने स्कोरबोर्ड पर 189 रन खड़े कर दिए।
लगातार बारिश के बीच, भारत ने यहां औसत से थोड़ा ज़्यादा स्कोर बनाकर अच्छा किया। पावरप्ले में दो हाफ की कहानी थी, जहां भारत ने पहले 3 ओवर में 15 रन पर 2 विकेट गंवा दिए, और फिर अभिषेक शर्मा की ज़बरदस्त बल्लेबाजी की वजह से अगले 3 ओवर में 46 रन बनाए। वह अपनी फिफ्टी के बाद आउट हो गए और उनके विकेट ने इंग्लैंड को 10वें ओवर के बाद मैच को थोड़ा संभलने में मदद की। कप्तान श्रेयस अय्यर ने शुरुआत में अपना समय लिया और एक ज़रूरी फिफ्टी बनाने में कामयाब रहे। उनकी पारी को आगे बढ़ाया दुबे ने, जिन्होंने 21 गेंदों में 42 रन की पारी खेली। गेंदबाजों के लिए गेंद को पकड़ना मुश्किल हो गया है और भारतीय स्पिनरों को, कोई भी मान सकता है, दूसरी पारी में मुश्किल होगी। फिर भी, पेसरों को स्लॉग ओवरों में कुछ रिवर्स मिला।
अभिषेक ने 24 गेंदों पर 59 रन में छह चौके और चार छक्के लगाए जबकि श्रेयस ने 47 गेंदों पर 68 रन में छह चौके और एक छक्का लगाया। शिवम दुबे ने 21 गेंदों पर नाबाद 42 रन में दो चौके और तीन छक्के लगाए। अभिषेक ने अपनी पारी के दौरान दूसरा छक्का लगाने के साथ ही टी 20 में १०० छक्के पूरे कर लिए। श्रेयस ने कप्तान के तौर पर अपना पहला अर्धशतक लगाया। इंग्लैंड की तरफ से साकिब महमूद ने 33 रन पर तीन विकेट लिए जबकि राशिद खान और सैम करन ने एक-एक विकेट लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित