नई दिल्ली , मई 30 -- कोलकाता से सटे सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को हुए हमले की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कड़ी निंदा की है।

श्री खरगे ने कहा कि विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकारों की जिम्मेदारी है और राजनीतिक मतभेद किसी भी प्रकार की हिंसा को उचित नहीं ठहरा सकते।

श्री खरगे ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि सोनारपुर में चुनाव बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने गए सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुआ हमला बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक प्रमुख विपक्षी नेता को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा न मिलना भाजपा की प्रतिशोध और उत्पीड़न की राजनीति को दर्शाता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार और केंद्र सरकार को सभी विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए तथा इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित