कोलकाता , मई 31 -- तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने हाल ही में खुद पर हुए हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रशासन पर निशाना साधते हुए इस घटना को "सुनियोजित राजनीतिक हिंसा" और "लोकतंत्र पर हमला" करार दिया है।
रविवार को अपने व्हाट्सएप चैनल पर पोस्ट किए गए संदेशों में श्री बनर्जी ने इस घटना के बाद समर्थन और एकजुटता दिखाने के लिए सर्वश्री अखिलेश यादव, हेमंत सोरेन, मल्लिकार्जुन खड़गे, तेजस्वी यादव और अरविंद केजरीवाल सहित कई विपक्षी नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इससे पहले उन्होंने खुद का पक्ष लेने के लिए राहुल गांधी को भी धन्यवाद दिया था।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के संदेश का जवाब देते हुए श्री बनर्जी ने उन दावों को खारिज कर दिया कि यह घटना कुछ उपद्रवी तत्वों का काम थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अग्रिम सूचना होने के बावजूद प्रशासन कार्रवाई करने में विफल रहा। उन्होंने लिखा, "अखिलेश जी, आपके समर्थन और एकजुटता के लिए मैं गहराई से आभारी हूँ। कल जो कुछ भी हुआ वह कुछ उपद्रवी तत्वों की करतूत नहीं था।" उन्होंने कहा, "यह लापरवाही नहीं थी। यह जिम्मेदारी से जानबूझकर पीछे हटना था जिसने सुनियोजित राजनीतिक हिंसा का रास्ता साफ किया।"झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भेजे संदेश में श्री बनर्जी ने दावा किया कि इस घटनाक्रम में "विपक्ष को डराने के लिए राज्य-प्रायोजित और केंद्र-समर्थित प्रयास के सभी लक्षण" दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि जब सरेआम हिंसा होती है और प्रशासन मूकदर्शक बना रहता है, तो यह केवल कानून-व्यवस्था की विफलता नहीं रह जाती, बल्कि लोकतंत्र पर एक जानबूझकर किया गया हमला बन जाती है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को संबोधित करते हुए श्री बनर्जी ने भाजपा पर राजनीतिक विरोधियों को चुप कराने और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि ऐसे समय में जब विपक्षी नेताओं पर दिन-दिहाड़े हमले हो रहे हैं, भाजपा शासन एक बार फिर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी अवमानना को उजागर कर रहा है।
राजद नेता तेजस्वी यादव को धन्यवाद देते हुए टीएमसी नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव लगातार बढ़ रहा है और भय, धमकी तथा राजनीतिक शत्रुता के माहौल में लोकतंत्र का दम घोंटा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित