नयी दिल्ली , जुलाई 19 -- तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल पुलिस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने उनका ऑफिस तोड़कर वहां रखा सामान और दस्तावेज़ हटा दिए हैं जबकि यह मामला अभी कलकत्ता हाई कोर्ट में लंबित है।

श्री बनर्जी ने सोशल मीडिया पर रविवार को एक पोस्ट में दावा किया कि तथाकथित "बुलडोज़र से तोड़-फोड़" की इस कार्रवाई में उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के निर्देशों को नज़रअंदाज़ किया गया है और यह राज्य में व्याप्त "अराजकता" का उदाहरण है। उन्होंने लगाया कि अमतला में उनके लोकसभा क्षेत्र के ऑफिस को कानून का उल्लंघन करते हुए तोड़ा गया।

श्री बनर्जी ने कहा, "बंगाल में अराजकता साफ दिख रही है। उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के फैसलों में बुलडोज़र से तोड़-फोड़ को असंवैधानिक करार दिए जाने के बावजूद, कल अमतला में मेरे लोकसभा क्षेत्र के ऑफिस को तोड़ दिया गया।" तृणमूल कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि वीडियो में पुलिसकर्मी ऑफिस का सामान, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और दस्तावेज़ शामिल थे, हटाने में मदद करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित