कोलकाता , सितंबर 28 -- तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अपनी ज़ेड-प्लस सुरक्षा वापस लिए जाने और कई बार हमलों का सामना करने का आरोप लगाते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट में सोमवार को याचिका दाखिल की।

श्री अभिषेक के अधिवक्ता अयान भट्टाचार्य ने न्यायमूर्ति कृष्ण राव के सामने यह मामला उठाया और अपने मुवक्किल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की। न्यायालय ने हालांकि तत्काल सुनवाई की याचिका पर विचार नहीं किया लेकिन श्री अभिषेक को याचिका दायर करने की अनुमति दे दी। इस मामले की सुनवाई 6 अक्टूबर को होगी।

श्री भट्टाचार्य के अनुसार विधानसभा चुनावों से पहले श्री अभिषेक को जेड-प्लस सुरक्षा दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सरकार बदलने के बाद चुनाव नतीजों के बाद उनकी सुरक्षा हटा ली गई थी। अधिवक्ता ने न्यायालय को बताया कि अभी श्री अभिषेक के साथ कुछ होम गार्ड्स के अलावा कोई सुरक्षाकर्मी नहीं है।

उन्होंने तर्क दिया कि राज्य में मुख्य विपक्षी दल के राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर उनके पद को देखते हुए इस मामले में न्यायिक हस्तक्षेप की ज़रूरत है। श्री भट्टाचार्य ने दावा किया कि सुरक्षा हटाए जाने के बाद श्री अभिषेक पर कई बार हमले हुए हैं। उन्होंने चुनावों से पहले तृणमूल नेता को दी गई जेड-प्लस सुरक्षा हटाने के फैसले पर सवाल उठाया।

अधिवक्ता ने जल्द सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि मामला ज़रूरी है क्योंकि श्री अभिषेक के पास कोई औपचारिक सुरक्षा दस्ता नहीं है। न्यायालय ने हालांकि याचिका पर सुनवाई के लिए 6 अक्टूबर की तारीख तय की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित