चंडीगढ़ , मई 01 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने नूंह जिले के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नूंह-2 और पीएमश्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजपुर नमक का दौरा कर शिक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बच्चों का समग्र विकास तभी संभव है, जब अभिभावक और शिक्षक मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभायें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि खेल, स्वास्थ्य, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का भी उतना ही महत्व है।

प्रो. घोष ने स्कूलों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय और खेल सामग्री जैसी मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर देते हुए दोनों स्कूलों के लिए 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को समय दें, उनके साथ संवाद बनाये रखें और उन्हें डांटने के बजाय प्यार से समझायें। शिक्षकों से उन्होंने बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि अभिभावकों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयासों से बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित