सहारनपुर , अक्टूबर 25 -- अंकिता भंडारी हत्याकांड विवाद के बीच सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगाए हैं।

आरोप है कि अभिनेत्री ने व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ देने की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार, टिहरी विस्थापित कॉलोनी निवासी दीपिका राठौर ने शनिवार 24 अक्तूबर की रात रानीपुर कोतवाली में तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर सोशल मीडिया पर उनके और उनके परिवार के खिलाफ अश्लील एवं मानहानिकारक टिप्पणियां कर रही थी। इससे परिवार की छवि धूमिल हो रही थी।

आरोप है कि उसने व्हाट्सएप कॉल कर रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने रविवार को सहारनपुर में दबिश दी, जहां से उर्मिला सनावर निवासी रेलवे लाइन मोहल्ला गोविंदनगर, थाना सदर बाजार सहारनपर को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित