कोल्हापुर , अक्टूबर 01 -- थिएटर और हिंदी-मराठी फिल्मों के अनुभवी अभिनेता मोहन जोशी को इस साल प्रतिष्ठित 'संगीतसूर्य केशवराव भोसले मेमोरियल' अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

यह अवॉर्ड प्रति वर्ष ऑल इंडिया मराठी थिएटर काउंसिल (एआईएमटीसी) की कोल्हापुर शाखा की ओर से प्रदान किया जाता है।

एआईएमटीसी कोल्हापुर शाखा के सचिव गिरीश महाजन ने गुरुवार को यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मराठी थिएटर और फ़िल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले श्री जोशी ने दशकों तक मराठी थिएटर और सिनेमा में अपनी शानदार अभियन से दर्शकों के दिलों पर राज किया है। उन्होंने कहा कि वह मराठी मनोरंजन जगत की एक बड़ी हस्ती हैं और थिएटर से लेकर फ़िल्मों तक अलग-अलग किरदारों के ज़रिए अपने अभिनय की एक अलग पहचान बनायी है। उनके लंबे एवं शानदार कलात्मक सफ़र को देखते हुए उन्हें इस साल के प्रतिष्ठित 'संगीतसूर्य केशवराव भोसले' मेमोरियल अवॉर्ड के लिए चुना गया है।

श्री महाजन ने आगे कहा कि अखिल भारतीय मराठी नाट्य परिषद, कोल्हापुर शाखा द्वारा पुरस्कार वितरण समारोह चार अक्टूबर को गोविंदराव टेम्बे रंगमंदिर, गायन समाज देवल क्लब, कोल्हापुर में आयोजित किया जायेगा। राजेश दामले श्री जोशी और उनकी पत्नी ज्योति जोशी के साथ एक बेबाक साक्षात्कार लेंगे।

इस पुरस्कार में 51,000 रुपये नकद, एक प्रशस्ति-पत्र, एक शॉल और एक श्रीफल (नारियल) दिया जाता है। इससे पहले, यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अनुभवी थिएटर कलाकार शरद भुताडिया और अनुभवी अभिनेता अशोक सराफ को दिया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित