मुंबई , अगस्त 20 -- अभिनेत्री शाज़ान पदमसी ने अभिनय के बाद अब संगीत की दुनिया में कदम रखा है। शाज़ान पदमसी का पहला ओरिजिनल सॉन्ग और डेब्यू सिंगल 'रातां कालियां' रिलीज़ हो गया है। इस गाने के जरिए शाज़ान ने बतौर गायिका अपनी नई रचनात्मक पारी शुरू की है।

'रातां कालियां' शाज़ान के लिए महज एक डेब्यू सिंगल नहीं, बल्कि प्यार को समझने और महसूस करने की उनकी व्यक्तिगत यात्रा का भावनात्मक चित्रण है। गाना उस एहसास को बयां करता है, जिसमें प्यार की शुरुआत भरोसे और सहारे की तलाश से होती है और धीरे-धीरे उसके गहरे मायने समझ में आते हैं।

अपने म्यूजिकल डेब्यू के बारे में शाज़ान पदमसी ने कहा, "म्यूजिक हमेशा से मेरे लिए अभिव्यक्ति का बेहद निजी माध्यम रहा है, इसलिए 'रातां कालियां' बनाना मेरे लिए बहुत खास है। यह गाना एक बेहद ईमानदार जगह से आया है और बताता है कि समय के साथ प्यार को लेकर मेरी समझ कैसे बदली है। अब तक मैं ज्यादातर किसी और की कहानियों का हिस्सा रही हूं, लेकिन 'रातां कालियां' अलग है, क्योंकि यह मेरी अपनी कहानी है, जो सीधे दिल से निकली है।"उन्होंने कहा, "पहली बार मैं सिर्फ एक आवाज या परफॉर्मर नहीं हूं, बल्कि अपनी यात्रा की स्क्रिप्ट खुद लिख रही हूं। अपनी जिंदगी, अनुभवों और दिल की सच्ची बातों को मैंने संगीत में पिरोया है।"'रातां कालियां' के साथ शाज़ान ने अपने रचनात्मक सफर का एक नया अध्याय शुरू किया है। गाने में उनकी कलात्मक संवेदनशीलता और संगीत के प्रति लगाव को निजी और भावनात्मक अंदाज में पेश किया गया है।

'रातां कालियां' अब संगीत प्रेमियों के लिए उपलब्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित