गोपालगंज , जुलाई 14 -- खिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस सह राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों के अंतर्गत मंगलवार को अभाविप की कुचायकोट नगर इकाई की ओर से प्रसिद्ध बेलबनवा हनुमान मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
कुचायकोट नगर मंत्री प्रफुल्ल प्रधान ने कहा कि अभाविप केवल छात्रहित का संगठन ही नहीं, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निरंतर निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस सप्ताह के अवसर पर सेवा और समर्पण की भावना से आयोजित यह महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम सामाजिक समरसता एवं जनसेवा का सशक्त उदाहरण है।
नगर सह मंत्री आयुष कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर पूरे जिले में सेवा, सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महाप्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, सेवा और सहयोग की भावना को सशक्त बनाने के साथ युवाओं को समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराते हैं।
नगर सह मंत्री राहुल गुप्ता ने कहा कि अभाविप का उद्देश्य केवल छात्र समस्याओं का समाधान करना ही नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना भी है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हैं तथा सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से खेलो भारत के प्रांत संयोजक प्रिंस सिंह ,जिला संयोजक हरिओम राय ,गोपालगंज नगर मंत्री सूरज कुमार चंदन ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित