गोपालगंज, सितम्बर 16 -- विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की विभिन्न गंभीर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की गोपालगंज इकाई ने बुधवार को कमला राय महाविद्यालय में कुलपति के नाम प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर लंबित विभिन्न समस्याओं के कारण हजारों विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों के हित में इन समस्याओं का जल्द समाधान जरूरी है।ज्ञापन में मुख्य रूप से सत्र 2025-29 के विद्यार्थियों की प्रथम सेमेस्टर की मार्कशीट अब तक जारी नहीं होने का मुद्दा उठाया गया।
परिषद ने बताया कि परीक्षा फॉर्म एवं परीक्षा कार्यक्रम जारी हो चुका है, जबकि आगामी पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा 21 सितंबर से प्रस्तावित है। ऐसे में विद्यार्थियों के समक्ष गंभीर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संकट उत्पन्न हो रहा है। परिषद ने सभी लंबित मार्कशीट अविलंब महाविद्यालयों को उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, सत्र 2023-27 के विद्यार्थियों के लिए सेमेस्टर पांच की परीक्षा तिथि में विस्तार की मांग की गयी।
परिषद के अनुसार कई विद्यार्थियों के क्रेडिट प्वाइंट सही होने के बावजूद तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा फॉर्म नहीं भरा जा रहा है। इसके अलावा प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा दे चुके कई विद्यार्थियों की मार्कशीट भी लंबित है। परिषद ने तकनीकी समस्या दूर करने, मार्कशीट जारी करने तथा परीक्षा फॉर्म भरने और परीक्षा की तिथि बढ़ाने की मांग की।
ज्ञापन में पीजी सत्र 2026-28 में बढ़ी हुई फीस की समीक्षा कर कमी करने तथा प्रवेश की निर्धारित तिथि में पर्याप्त विस्तार करने की भी मांग की गयी।
परिषद ने कहा कि फीस में अत्यधिक वृद्धि से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। साथ ही कम समय मिलने के कारण कई विद्यार्थी निर्धारित समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं।इसके अलावा विश्वविद्यालय के अधीन कुछ महाविद्यालयों में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लिए जाने की शिकायतों की जांच कर अनधिकृत शुल्क वसूली पर रोक लगाने और दोषी महाविद्यालयों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित