चड़ीगढ़ , अगस्त 01 -- पंजाब में लुधियाना से हरियाणा के जाखल के बीच चलने वाली लुधियाना-जाखल यात्री ट्रेन अब जींद तक जाएगी। रेलवे ने इसकी यात्रा दूरी को विस्तारित करने का निर्णय लिया है।

रेलवे ने शनिवार को बताया कि लुधियाना-जाखल दैनिक यात्री ट्रेन (ट्रेन संख्या 54053/54054) के परिचालन को जींद स्टेशन तक बढ़ाने की मंज़ूरी दी है। इससे लुधियाना और जींद के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे दोनों राज्यों के बीच रोज़ाना यात्रा करने वाले विद्यार्थियों, दफ्तर जाने वालों और व्यापारियों को फायदा होगा।

रेलवे अनुसार ट्रेन संख्या 54054 अब लुधियाना से जींद तक चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 54053 जींद से लुधियाना तक चलेगी। इससे पहले यह ट्रेन लुधियाना-जाखल के बीच चलती थी। ट्रेन के जींद तक चलने पर इसकी दूरी 128 किलोमीटर से बढ़कर अब 200 किमी हो जाएगी। विस्तारित सेवा के हिस्से में जाखल और जींद के बीच सभी स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव शामिल होंगे, जिससे इस मार्ग पर पड़ने वाले कस्बों और गांवों में रहने वाले यात्रियों के लिए बेहतर सम्पर्क मिलेगा।

रेलवे ने कहा कि इस विस्तार से बीच के स्टेशनों को बेहतर रेल सम्पर्क से क्षेत्रीय आवाजाही को मज़बूत करने की उम्मीद है। साथ ही रोज़गार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और वाणिज्यिक केंद्रों तक पहुँच आसान होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित