पंचकूला , जुलाई 27 -- हरियाणा में सड़क और भवन परियोजनाओं में देरी तथा घटिया निर्माण पर अब सख्ती होगी। लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश की सभी विकास परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी की जाएं और निर्माण गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी करने वाले तथा मानकों के अनुरूप कार्य न करने वाले ठेकेदारों और एजेंसियों के खिलाफ नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाए।
पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में अंतर-विभागीय कारणों से देरी हो रही है, उनकी अलग सूची तैयार कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि वर्षों से लंबित कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके।
बरसात के मौसम में सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर कहीं भी गड्ढा दिखाई दे तो उसे तुरंत भरने की व्यवस्था हो, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हो। उन्होंने विभाग के एक्सईएन, एसडीओ और जेई को नियमित रूप से फील्ड में मौजूद रहने तथा स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने 'म्हारी सड़क' ऐप पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेने और उसका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क संबंधी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जनता को त्वरित राहत मिलनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित