रांची , जून 06 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ते हुए केंद्रीय रेडियोलॉजी हब (सीआरएच)की स्थापना का निर्णय लिया है।

यह पहल न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए एक मॉडल साबित हो सकती है। इसके माध्यम से राज्य के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ रेडियोलॉजी सेवाएं पहुंचेंगी और मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो सकेगी।

मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि "स्वास्थ्य सेवाएं किसी विशेष वर्ग की नहीं, बल्कि हर गरीब, किसान, मजदूर और आम नागरिक का अधिकार हैं। हमारी सरकार का संकल्प है कि झारखंड के किसी भी मरीज को विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण परेशानी न झेलनी पड़े।"डॉ. अंसारी ने कहा कि अब राज्य के किसी भी सरकारी अस्पताल में होने वाली एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांचों की रिपोर्ट विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्टों द्वारा केंद्रीकृत प्रणाली से तैयार की जाएगी। इससे रिपोर्ट की गुणवत्ता बढ़ेगी, पारदर्शिता आएगी और मरीजों को तेजी से इलाज मिल सकेगा। साथ ही साथ राज्य के सभी सरकारी अस्पताल एक डिजिटल नेटवर्क से जुड़ेंगे।दूरदराज़ क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट की सुविधा उपलब्ध होगी।जांच रिपोर्ट मिलने में लगने वाला समय कम होगा।मरीजों को बेहतर और सटीक निदान मिलेगा और एआई आधारित तकनीक से रिपोर्टिंग की गुणवत्ता और बढ़ेगी।

डॉ. अंसारी ने कहा कि झारखंड अब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान बनाने जा रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल अस्पताल बनाना नहीं, बल्कि लोगों तक गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि "हम चाहते हैं कि झारखंड का कोई भी मरीज सिर्फ इसलिए परेशान न हो कि उसके अस्पताल में विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं हैं। तकनीक के माध्यम से हम हर अस्पताल को विशेषज्ञों से जोड़ रहे हैं। यह स्वास्थ्य क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव है।"डॉ. अंसारी ने कहा कि इस नई व्यवस्था का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा, जिन्हें अक्सर जांच रिपोर्ट के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। अब उनके जिले और अनुमंडल स्तर के अस्पतालों में ही बेहतर रिपोर्टिंग और विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध हो सकेगी।

राज्य सरकार का यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, आधुनिक और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की यह दूरदर्शी सोच झारखंड को डिजिटल हेल्थकेयर के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित