पटना , मई 23 -- ाज्य सरकार का सहकारिता विभाग महिलाओं को उनकी बचत पर बेहतर रिटर्न और लोन पर विशेष छूट देने जा रहा है। इसके लिए नारी समृद्धि एवं नारी शक्ति स्वरोजगार योजना की शुरुआत की गई है।
नारी समृद्धि योजना महिलाओं की वित्तीय आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई विशेष पहल है। इसके तहत महिलाएं अपनी मेहनत की कमाई को सहकारी बैंक में सुरक्षित रख सकेंगी और जमा राशि पर सामान्य खातों की तुलना में बेहतर रिटर्न प्राप्त कर सकेंगी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को बचत के लिए प्रोत्साहित कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना है।
वहीं, "नारी शक्ति स्वरोजगार योजना" महिला उद्यमियों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इस योजना के अंतर्गत स्वरोजगार शुरू करने या व्यवसाय विस्तार के लिए लोन लेने पर महिलाओं को ब्याज दर में विशेष छूट दी जाएगी। सहकारी बैंक द्वारा ब्याज पर रियायत का प्रावधान किया गया है, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं अपना उद्यम स्थापित कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।
सहकारिता विभाग की दोनों योजनाओं का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। 15 मई को राज्य के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने नारी समृद्धि योजना एवं नारी शक्ति स्वरोजगार योजना का शुभारंभ किया था। माना जा रहा है कि इन योजनाओं से राज्य में महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।
योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सहकारी बैंकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इच्छुक महिलाएं नजदीकी सहकारी बैंक शाखा से संपर्क कर योजनाओं का लाभ ले सकती हैं। योजनाओं के विस्तृत दिशा-निर्देशों, आवेदन प्रक्रिया और ऋण की शर्तों की जानकारी सहकारिता विभाग की वेबसाइट या नजदीकी जिला केंद्रीय सहकारी बैंक से प्राप्त किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित