बनबसा , अक्टूबर 04 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे चम्पावत जिले के बनबसा में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट बैठकें अब केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेंगी बल्कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भी आयोजित की जाएंगी।

श्री धामी ने कहा कि इससे स्थानीय स्तर की समस्याओं, विकास की संभावनाओं और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को सीधे शासन के सामने रखने का अवसर मिलेगा। अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकें होने से स्थानीय परिस्थितियों, जन अपेक्षाओं और विकास की जरूरतों को समझने और उन पर त्वरित निर्णय लेने में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्र केवल राज्य की भौगोलिक सीमा नहीं बल्कि सुरक्षा, संस्कृति और विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि सीमांत क्षेत्रों के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए आधारभूत सुविधाओं, रोजगार, पर्यटन और कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित