देहरादून , फरवरी 18 -- उत्तराखंड में सोमवार से हर दिन न्यायालय (कोर्ट) की आधिकारिक ईमेल पर परिसर में विस्फोटक पदार्थ होने और रिमोट के जरिए एक निश्चित समय पर उड़ाने सम्बन्धी धमकी का सिलसिला बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। अज्ञात व्यक्ति ने इस बार राजधानी देहरादून और जनपद पौड़ी गढ़वाल के जिला (डिस्ट्रिक्ट) कोर्ट परिसर में विस्फोटक लगाने संबंधित मेल कोर्ट की आधिकारिक ईमेल पर भेजा। इसके बाद दोनों जनपद कोर्ट के पूरे परिसर को सील कर, तलाशी ली गई। दोनों जनपदों में अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है। गढ़वाल परिक्षेत्र के महानिरीक्षक पुलिस (आइजी) राजीव स्वरूप ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों को अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए इस सन्दर्भ में बनाई गई एसओपी के अनुसार, कार्यवाही के आदेश दिए हैं।

आज सुबह डिस्ट्रिक्ट कोर्ट देहरादून और पौड़ी गढ़वाल के कार्यालय को धमकी भरा मेल मिला। सूचना मिलते ही एसएसपी, देहरादून प्रमेंद्र डोभाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी न्यायाधीश और अधिवक्ताओं को कोर्ट से बाहर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के बाद परिसर को खाली करा दिया गया। तत्पश्चात बीडीएस और डॉग स्क्वाउड के साथ परिसर की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

सूत्रों के अनुसार, जिस ई मेल से आई है, इसके पीछे शुरुआती जांच में पाकिस्तानी संगठन के होने की आंशका है।

कमोबेश इसी प्रकार, पौड़ी गढ़वाल जनपद में एक संदिग्ध ई-मेल मिलने के बाद एहतियात के तौर पर पौड़ी पुलिस प्रशासन द्वारा तत्काल उच्च सतर्कता बरती गई। सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जिला एवं सत्र न्यायालय तथा कलेक्ट्रेट आदि शासकीय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुदृढ़ कर दिया गया। पुलिस ने यहां भी बीडीएस एवं डॉग स्क्वॉड की टीमों को मौके पर बुलाकर उनके साथ मिलकर परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान न्यायालय कक्षों, कार्यालय कक्षों एवं अभिलेखागार की गहन जांच, पार्किंग स्थलों एवं खड़े वाहनों की सूक्ष्म तलाशी, भवनों के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु प्राप्त नहीं हुई है फिर भी पौड़ी पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं सतर्कता के दृष्टिगत कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित