यमुनानगर , सितंबर 09 -- हरियाणा के नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी के सामुदायिक केंद्रोंकी बुकिंग अब ऑनलाइन होगी और शादी समारोह, रस्म क्रिया और जन्मदिन कार्यक्रम के लिए नागरिकों को निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

महापौर सुमन बहमनी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद, पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सामुदायिक केंद्रों के रखरखाव, बुकिंग और शुल्क व्यवस्था पर चर्चा हुई। तय किया गया कि क्षेत्रफल के हिसाब से निर्धारित फीस और सिक्योरिटी ऑनलाइन बुकिंग के दौरान जमा होगी। बुकिंग के बाद आवेदक को डिजिटल रसीद मिलेगी। रसीद दिखाकर संबंधित वार्ड के पार्षद और कनिष्ठ अभियंता से केंद्र की चाबी ली जा सकेगी। कार्यक्रम के दौरान टूट-फूट न होने पर सिक्योरिटी राशि वापस कर दी जाएगी, नुकसान होने पर उसी से भरपाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित