चंपावत , मई 10 -- भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और मौसम आधारित वैज्ञानिक सलाह को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दो नए डिजिटल प्लेटफॉर्म 'मौसम संकल्प' और 'कल्प' लॉन्च किए हैं।
इन प्लेटफॉर्मों का उद्देश्य किसानों, कृषि अधिकारियों और प्रशासन को सटीक मौसम संबंधी जानकारी उपलब्ध कराकर जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों के प्रभाव को कम करना है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि 'मौसम संकल्प' एक आधुनिक वेब-आधारित निर्णय सहायता प्रणाली है, जो ब्लॉक स्तर तक मौसम संबंधी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराती है। इस प्लेटफॉर्म पर वास्तविक समय के मौसम अवलोकन के साथ अल्पकालिक और मध्यम अवधि के मौसम पूर्वानुमानों को एकीकृत किया गया है, जिससे प्रशासनिक एवं विकासात्मक योजनाओं के निर्माण में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि 'मौसम संकल्प' पोर्टल को भारत मौसम विज्ञान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि दूसरा प्लेटफॉर्म 'कल्प' किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया डिजिटल एग्रो-मेटियोरोलॉजिकल एडवाइजरी प्लेटफॉर्म है। इसकी विशेषता यह है कि यह ग्राम पंचायत स्तर तक सटीक स्थान चयन की सुविधा देता है तथा फसल की वर्तमान अवस्था के अनुसार वैज्ञानिक एवं मौसम आधारित कृषि परामर्श उपलब्ध कराता है।
किसान एवं कृषि विभाग के अधिकारी कल्प पोर्टल के माध्यम से इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित