रांची , फरवरी 16 -- झारखंड के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री सह स्थानीय विधायक शिल्पी नेहा तिर्की मांडर विधानसभा क्षेत्र के लापुंग प्रखंड में एक साथ कई योजनाओं की आधारशिला रखी।
डीएमएफटी मद से लापुंग के दोलैचा राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय में दो कमरा सहित दो बाथरूम का निर्माण, अरमालतदाग सरकारी मध्य विद्यालय में दो कमरों का निर्माण, परसा राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय में दो कमरों का निर्माण, डोंबा में चेक डैम निर्माण एवं दानेकेरा ककरिया में आजीविका महिला संकुल संगठन के कलस्टर भवन निर्माण योजना का शिलान्यास किया गया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सुश्री तिर्की ने कहा कि अब कमरों के अभाव में बच्चों का नामांकन प्रभावित नहीं होगा। इसके साथ ही बच्चे जर्जर भवन में पढ़ने या अभिभावक अपने बच्चों को भेजने के लिए बाध्य भी नहीं होंगे। सरकार की सोच हर एक बच्चे को शिक्षित करना और शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। ये तमाम योजनाएं विकास को गति देने में मददगार साबित होंगी।
सुश्री तिर्की ने कहा कि बात स्कूल निर्माण की हो, सड़क निर्माण की हो, चेक डैम निर्माण की हो या कल्याणकारी योजनाओं की। जनता की छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी जरूरत को पूरा करने का वो हमेशा प्रयास करती है। उनका उद्देश्य योजनाओं को कागज तक सीमित रखना नहीं, बल्कि तय समय सीमा के अंदर धरातल पर उतारना है।
सुश्री तिर्की ने कहा कि जनता की मांग और आवश्यकता के अनुरूप ग्राम सभा की सहमति से योजनाओं का चयन किया जाता है। हमेशा से ये कोशिश रही है कि जनता के हर सुख-दुख में शामिल रहूं। चुनाव के वक्त धर्म- जाति के नाम पर लोगों को बांटने और भड़काने की राजनीतिक साजिश रची जाती है। ऐसी परिस्थिति में क्षेत्र की जनता को सही और गलत की पहचान करने के साथ मुखरता से जवाब देने की जरूरत है। समय के साथ समाज भी बदल रहा है और राजनीति भी। इस लिए धर्म - जाति से ऊपर उठ कर काम करने वाले जन प्रतिनिधि को चुने और विकास की राह पर आगे बढ़े।
शिलान्यास कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष जयंत बारला, सुदामा महली, जनमजय पाठक , सत्यनारण सिंह, रामेश्वर साहनी, लखन साहू , निकमल साहू, सुरेश साहू, निकमल साहू, शिमा देवी, नंद किशोर भगत, आजाद मुंडा सहित अन्य मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित