जयपुर , जुलाई 12 -- राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा है कि आज कुछ ताकतें संविधान को कमजोर करना चाहती हैं लेकिन रेगर समाज और दलित-पीड़ित-शोषित वर्ग अब चुप नहीं बैठेगा तथा आरक्षण और सम्मान पर अब कोई समझौता नहीं होगा।
श्री जूली ने रविवार को जयपुर में रेगर छात्रावास प्रबंधन समिति की ओर से स्थापित संविधान निर्माता एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने हमें सिर्फ आरक्षण नहीं दिया, हमें जीने का अधिकार, सम्मान का अधिकार और सिर उठाकर चलने का अधिकार दिया। आज कुछ ताकतें संविधान को कमजोर करना चाहती हैं, लेकिन रेगर समाज और दलित-पीड़ित-शोषित वर्ग अब चुप नहीं बैठेगा।
उन्होंने कहा कि रेगर छात्रावास प्रबंधन समिति ने यह प्रतिमा लगाकर यह संदेश दे दिया है कि हम अपने महापुरुषों को भूलेंगे नहीं। जिसने हमें पढ़ना सिखाया, अपने अधिकारों के लिए लड़ना सिखाया, उस बाबा साहेब के विचारों को घर-घर पहुंचाना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से मांग कि छात्रावासों की स्थिति सुधारी जाए, छात्रवृत्ति समय पर दी जाए और अत्याचार करने वालों पर कठोर कार्रवाई हो।
श्री जूली ने कहा कि यह प्रतिमा केवल पत्थर की मूर्ति नहीं है। यह आने वाली पीढ़ियों को यह याद दिलाएगी कि संघर्ष के बिना अधिकार नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा लगना इस बात का प्रतीक है कि अब समाज जाग चुका है। किसी भी प्रकार के भेदभाव और शोषण का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।कार्यक्रम में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कहा कि बाबा साहेब ने महिलाओं को जो अधिकार दिए उसे हम आगे बढ़ाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित