मऊ , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक अब्बास अंसारी की सुरक्षा में तैनात गनर उपेंद्र कुमार को पुलिस विभाग ने निलंबित कर दिया है। गनर पर बिना विभागीय अनुमति और सूचना के गैर जनपद जाने तथा ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने मंगलवार को बताया कि विधायक अब्बास अंसारी की सुरक्षा के लिए गनर उपेंद्र कुमार की तैनाती की गई थी। विधायक के भ्रमण के दौरान यह पाया गया कि संबंधित गनर अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं था और बिना किसी सूचना के जिले से बाहर चला गया था।
उन्होंने बताया कि मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल प्रभाव से गनर को निलंबित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संबंधित पुलिसकर्मी निजी कार्य से बिना अनुमति के बाहर गया था, जो विभागीय अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस नियमों के अनुसार बिना अनुमति ड्यूटी छोड़कर जाना गंभीर लापरवाही और नियमों का उल्लंघन माना जाता है। हालांकि विधायक अब्बास अंसारी की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई है और उनकी सुरक्षा में तत्काल दूसरे गनर की तैनाती कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित