पटना , नवंबर 04 -- बिहार विधान परिषद में विपक्ष के मुख्य सचेतक एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी ने निर्दलीय निर्वाचित विधान पार्षद बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के मामले में उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग की है।

श्री सिद्दीकी ने बुधवार को इंडिया गठबंधन के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति रामबचन राय से मुलाकात कर उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोनों विधान पार्षदों के खिलाफ संविधान की दसवीं अनुसूची के प्रावधानों के तहत तत्काल दल-बदल निरोधक कार्रवाई शुरू करने और उनकी सदस्यता समाप्त कर दोनों सीटों को रिक्त घोषित करने का अनुरोध किया गया है।

श्री सिद्दीकी ने ज्ञापन में कहा कि बंशीधर ब्रजवासी तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और राहुल राज सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित हुए थे। चुनाव से संबंधित आधिकारिक दस्तावेजों में भी उनकी पहचान निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में दर्ज है। चुनाव के बाद दोनों के भाजपा में औपचारिक रूप से शामिल होने की सार्वजनिक जानकारी सामने आयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित