नारायणपुर , मई 18 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में ग्रामीणों तक डिजिटल नागरिक सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं मिशन संचालक पेयजल एवं स्वच्छता विभाग श्री कमल किशोर सोन ने सोमवार को ओरछा विकासखंड के ईरकभट्टी स्थित सेवा सेतु केंद्र का निरीक्षण किया।

श्री सोन ने केंद्र में पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर उपलब्ध डिजिटल सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में शासन की डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। सेवा सेतु केंद्र शुरू होने से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और गांव में ही विभिन्न शासकीय दस्तावेज एवं ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीणों के समय और खर्च दोनों की बचत करेगी तथा डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कदम साबित होगी। उन्होंने युवाओं से डिजिटल सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने का आह्वान भी किया।

कलेक्टर नम्रता जैन ने बताया कि ई-डिस्ट्रिक्ट परियोजना के उन्नत संस्करण 'सेवा सेतु' के माध्यम से आमजन तक पारदर्शी और सुगम डिजिटल सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिले के नारायणपुर एवं ओरछा विकासखंड के अन्य क्षेत्रों में भी सेवा सेतु केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को गांव के समीप ही आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने जानकारी दी कि 'सेवा सेतु' पोर्टल के जरिए 441 शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें 54 नई तथा 329 री-डायरेक्ट सेवाएं शामिल हैं। आधार कार्ड, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और विवाह पंजीयन समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज अब एक ही मंच पर बनाए जा सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित