नारायणपुर , सितंबर 05 -- छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम दिवालूर में बुखार से पीड़ित 51 वर्षीय महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने निकले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने बारिश, कीचड़ और उफनते नालों के बीच करीब नौ घंटे तक अभियान चलाया। उपचार के लिए ले जाते समय महिला की रास्ते में मौत हो गई, जिसके बाद जवान पार्थिव शरीर को उसी दुर्गम रास्ते से वापस गांव लेकर पहुंचे।
आईटीबीपी से आज मिली जानकारी के अनुसार ग्राम दिवालूर निवासी बुदरी मंडावी (51), पति बिज्जा मंडावी, पिछले 17 दिनों से बुखार से पीड़ित थीं। सूचना मिलने पर 29वीं वाहिनी आईटीबीपी के इंस्पेक्टर शिव प्रताप के नेतृत्व में 16 सदस्यीय दल पैदल ग्राम दिवालूर पहुंचा।
लगातार बारिश, कीचड़ और वाहनों के आवागमन योग्य सड़क नहीं होने के बावजूद जवान महिला को स्ट्रेचर पर लेकर दिवालूर सीओबी पहुंचे, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद जवान महिला को बोतेर सीओबी होते हुए ओरछा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए रवाना हुए। रास्ते में दल ने दो लॉग ब्रिज तथा दो से तीन फीट जलस्तर वाले उफनते नालों को पार किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित