नारायणपुर, जून 06 -- छत्तीसगढ़ में वर्षों तक नक्सलवाद और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण देश-दुनिया की नजरों से दूर रहा अबूझमाड़ अब अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण नई पहचान बना रहा है। सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हेलीकॉप्टर से हांदावाड़ा वॉटरफॉल का हवाई निरीक्षण किया और इसे प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित करने की दिशा में कदम उठाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ जलप्रपात और आसपास के प्राकृतिक वातावरण का अवलोकन किया। उन्होंने कहा, "यह स्थल पर्यटन की दृष्टि से बेहद आकर्षक और संभावनाओं से भरपूर है। लंबे समय तक सुरक्षा कारणों और कठिन पहुंच मार्गों के चलते यहां पर्यटकों की पहुंच सीमित रही, लेकिन अब बदलते हालात और विकास कार्यों के कारण यह क्षेत्र तेजी से मुख्यधारा से जुड़ रहा है।"अबूझमाड़ अपनी जैव विविधता, घने जंगलों और आदिवासी संस्कृति के लिए जाना जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यहां सड़क, सुरक्षा और पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाता है तो स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। होटल, होम-स्टे, गाइड सेवा और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित