नारायणपुर , जून 01 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अबूझमाड़ क्षेत्र के ओरछा विकासखंड स्थित ग्राम गारपा का दौरा कर ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों से संवाद किया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान श्री साय ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की। दो बच्चों ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई, जिसपर श्री साय ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि सरकार दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शिक्षा संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चे भी बड़े सपने देख रहे हैं, जो विकास और शिक्षा की बढ़ती पहुंच का सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं से भी चर्चा की। महिलाओं ने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली राशि का उपयोग वे बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, घरेलू जरूरतों और बचत के लिए कर रही हैं। साय ने कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार अबूझमाड़ सहित सभी दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित