चंडीगढ़ , जून 3 -- हरियाणा सरकार ने किसानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित एक मसाला कंपनी और प्रदेश के छह किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के बीच समझौता कराया है। पंचकूला के मोरनी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में हुए इस करार से हरियाणा के किसानों को तंजानिया, केन्या और अन्य अफ्रीकी देशों में खेती व कृषि व्यापार के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मोरनी क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रारंभिक चरण में लगभग 4 हजार एकड़ भूमि पर खेती शुरू करने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना के तहत अदरक, हल्दी, मिर्च सहित विभिन्न मसाला फसलों की व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित