अंबिकापुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आ रहे अवैध अफीम खेती के मामलों को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को अंबिकापुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर खींचतान हुई, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। भाजपा कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

हाल ही में दुर्ग जिले के भाजपा नेता विनायक ताम्रकार और बलरामपुर जिले में अवैध अफीम की खेती का खुलासा होने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे को भुनाते हुए कांग्रेस पार्टी ने प्रदेशभर में भाजपा कार्यालयों के घेराव का एलान किया था। अंबिकापुर में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस कार्यालय से रैली के रूप में भाजपा कार्यालय की ओर कूच किए। पुलिस ने पहले से ही भाजपा कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर रखी थी, लेकिन कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया, जिससे पुलिस से झड़प हो गई।

कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार के संरक्षण में प्रदेश में अवैध अफीम की खेती और नशे का कारोबार धड़ल्ले से हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने 'भाजपा सरकार नशे की सरकार' और 'नशा मुक्त छत्तीसगढ़' जैसे नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी अंबिकापुर को सौंपा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा, "भाजपा नेताओं के खेतों में अफीम मिलना यह साबित करता है कि छत्तीसगढ़ सरकार में बैठे लोग नशे के सौदागर हैं। दुर्ग और बलरामपुर की घटनाएं इस बात की पुष्टि करती हैं कि सत्ता के संरक्षण में ही यह अवैध कारोबार चल रहा है। हम इसके खिलाफ आंदोलन को तेज करेंगे और प्रदेश के युवाओं को नशे से बचाने के लिए हर संभव संघर्ष करेंगे।"ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की है कि अफीम खेती मामले में दोषी भाजपा नेताओं के साथ-साथ पटवारी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि छत्तीसगढ़ सरकार ने नशे के खिलाफ प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी।

इस दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के अलावा जिला कांग्रेस अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित