रायपुर , मार्च 20 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य में सामने आ रहे अफीम की खेती के मामलों और रसोई गैस की कमी को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। पत्रकारों से आज चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में अफीम की अवैध खेती का सामने आना गंभीर मामला है और यह बिना संरक्षण के संभव नहीं है।
श्री बैज ने कहा कि दुर्ग और बलरामपुर के बाद अब रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के आमघाट गांव में भी अफीम की खेती का मामला सामने आया है। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मादक पदार्थ अफीम की खुलेआम खेती होने का अर्थ है कि इसके पीछे किसी न किसी स्तर पर संरक्षण मौजूद है। उनका आरोप है कि सरकार इस मामले में प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय इसे दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग में सामने आए मामले में कथित सरगना विनायक ताम्रकार के कई भाजपा नेताओं के साथ संबंधों की तस्वीरें सामने आई हैं, जिससे संदेह और गहरा होता है। बैज ने सवाल उठाया कि जब इतने गंभीर आरोप हैं तो विनायक ताम्रकार को मुख्य अभियुक्त क्यों नहीं बनाया गया और उसे केवल निलंबित कर मामले को सीमित करने की कोशिश क्यों की जा रही है। उनके अनुसार अफीम की खेती जैसे अवैध कारोबार के पीछे केवल छोटे लोगों को जिम्मेदार ठहराकर वास्तविक जिम्मेदारों को बचाने का प्रयास नहीं होना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य में रसोई गैस की कमी को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई शहरों और कस्बों में गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। कई गैस एजेंसियों में स्टॉक खत्म होने के बोर्ड लगाए गए हैं और कुछ स्थानों पर बुकिंग व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।
श्री बैज ने आरोप लगाया कि जहां आम लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर गैस की ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि 900 रुपये के आसपास मिलने वाला घरेलू गैस सिलेंडर कई जगहों पर तीन हजार रुपये से अधिक में बेचा जा रहा है। कमर्शियल गैस की कमी से कई रेस्टोरेंट भी प्रभावित हुए हैं और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के रोजगार पर असर पड़ा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि अफीम की खेती के मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को तुरंत सुधारकर आम लोगों को राहत दी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित