दुर्ग , नवंबर 07 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का पर्दाफाश कर सुर्खियों में आए समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम को पुलिस ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उन पर व्हाट्सएप स्टेटस के माध्यम से प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने तथा पूर्व में की गयी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि समोदा निवासी जितेंद्र देशमुख ने सरपंच अरुण गौतम के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गौतम ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों को लेकर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की थी। शिकायत और अनुविभागीय दंडाधिकारी दुर्ग से प्राप्त ज्ञापन के आधार पर पुलगांव थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की धारा 67 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने श्री गौतम को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि श्री गौतम के खिलाफ पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें बाउंड ओवर कराया गया था। इसके बावजूद दोबारा इसी प्रकार की गतिविधि सामने आने पर इसे निर्धारित शर्तों का उल्लंघन माना गया। पुलिस ने बाउंड ओवर निरस्त करने और जब्त करने के संबंध में एसडीएम न्यायालय के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है। गिरफ्तारी के बाद गौतम को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई को छत्तीसगढ़ में बाउंड ओवर की शर्तों का उल्लंघन करने पर किसी व्यक्ति को जेल भेजे जाने का अपनी तरह का पहला मामला बताया है।
उल्लेखनीय है कि समोदा गांव में गत मार्च में अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला उजागर हुआ था। गांव के एक खेत में लाखों की संख्या में अफीम के पौधे पाए जाने के बाद यह प्रकरण प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना था। अवैध खेती की जानकारी पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने में सरपंच अरुण गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई थी।
श्री गौतम की शिकायत के आधार पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने संबंधित खेत में पहुंचकर कार्रवाई की थी। मामले की विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट भी प्रस्तुत की थी।
अफीम की अवैध खेती का खुलासा करने के कारण चर्चा में आए सरपंच अरुण गौतम की अब एक अलग प्रकरण में गिरफ्तारी हुई है। हालांकि, वर्तमान कार्रवाई का अफीम की खेती से संबंधित प्रकरण से कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित