नयी दिल्ली , जून 24 -- भारत-अफगानिस्तान के बीच व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने और निवेश के नये अवसर तलाशने के लिए भारतीय व्यापारियों और निवेशकों का एक 20 सदस्यीय शिष्टमंडल जल्द ही अफगानिस्तान का दौरा करेगा।

'पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री' (पीएचडीसीसीआई) के अध्यक्ष संतोष जोशी ने बुधवार को यहां इस बात का एलान किया।

यह घोषणा भारत की आधिकारिक यात्रा पर आये 'अफगानिस्तान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इन्वेस्टमेंट' (एसीसीआई) के महानिदेशक सैयद करीम हाशमी के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद की गयी। यहां 'अफगानिस्तान-भारत के बीच व्यापारिक अवसर' विषय पर आयोजित इस विशेष बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच निजी क्षेत्र के कारोबारी संबंधों को बढ़ाना, संयुक्त निवेश को गति देना और नये आर्थिक रास्तों को खोजना था।

दिल्ली में हुई इस बैठक के दौरान अफगान प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख सैयद करीम हाशमी ने कहा कि भारत-अफगानिस्तान के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और दोस्ताना संबंध रहे हैं, जो दोनों देशों के बीच एक मजबूत आर्थिक सहयोग की ठोस बुनियाद बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार केवल वस्तुओं के लेन-देन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन, आर्थिक विकास, जन कल्याण और देशों के बीच आपसी रिश्तों को प्रगाढ़ करने का एक बेहतरीन माध्यम है।

श्री हाशमी ने कृषि, खनन, कालीन, हस्तशिल्प, मेवे, केसर, कीमती पत्थरों और संगमरमर जैसे क्षेत्रों में अफगानिस्तान की मजबूत व्यापारिक क्षमताओं का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने उद्योग, तकनीक, फार्मास्यूटिकल्स, मशीनरी और विनिर्माण के क्षेत्र में भारत की वैश्विक ताकत की सराहना की। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों को अब पारंपरिक आयात-निर्यात से आगे बढ़कर संयुक्त उपक्रमों, तकनीक के हस्तांतरण, कार्यबल के विकास और औद्योगिक सहयोग पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

बैठक के दौरान श्री हाशमी ने भारतीय व्यापारिक प्रतिनिधियों को अफगानिस्तान के आर्थिक और व्यावसायिक माहौल को करीब से देखने और समझने के लिए देश का दौरा करने का औपचारिक न्योता दिया। इस मौके पर भारत में मौजूद अफगानिस्तान के राजदूत मुफ्ती नूर अहमद नूर ने भी आर्थिक सहयोग को विस्तार देने पर बल दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली स्थित अफगान दूतावास दोनों देशों के व्यापारिक समुदायों के बीच संपर्क और कूटनीतिक कड़ियों को आसान बनाने में अपना पूरा सहयोग जारी रखेगा।

अफगान शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए पीएचडीसीसीआई के अध्यक्ष संतोष जोशी ने कहा कि उनका चैंबर फार्मास्यूटिकल्स, लॉजिस्टिक्स, कार्गो सेवाओं, औद्योगिक उत्पादन और निवेश जैसे क्षेत्रों में अफगानिस्तान के साथ सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है। इसी कड़ी में उन्होंने भारतीय निवेशकों के जल्द ही अफगानिस्तान दौरे पर जाने का एलान किया।

बैठक में दोनों पक्षों ने भविष्य में भी इस कूटनीतिक और व्यावसायिक संवाद को बनाये रखने तथा निजी क्षेत्र के संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहरायी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित