काबुल , अगस्त 26 -- अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने 'अफगानिस्तान प्रीमियर लीग' की तीन फ्रैंचाइजी एक्सल यूनाइटेड काबुल, बल्ख जवानन और कंधार वॉरियर्स और ट्रॉफी (कोह ए जफर) के नाम घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट इस साल 27 दिसंबर से शुरु होगा।
दुबई में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में यह जानकारी दी गई। एसीबी ने बताया कि टूर्नामेंट का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। हालांकि वेन्यू के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन पहले यह बताया गया था कि पहला सीजन अफगानिस्तान में नहीं, बल्कि यूएई में खेला जाएगा। इससे पहले दिसंबर 2025 में अपनी नई फ्रैंचाइजी आधारित टी-20 लीग, 'अफगानिस्तान प्रीमियर लीग' शुरु करने की घोषणा की थी।
अगला कदम खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन का है। ड्राफ़्ट के लिए खिलाड़ियों का पोर्टल 30 अगस्त को खुलेगा और ड्राफ़्ट 27 सितंबर को होगा। शुरुआती बयान में कहा गया था कि यह पांच टीमों का टूर्नामेंट होगा, जिसमें पकतिया और नंगरहार की टीमें भी शामिल होंगी। हालांकि एसीबी अभी भी बाकी दो टीमों को पक्का करने के लिए बातचीत कर रहा है।
एसीबी के चेयरमैन मीरवाइस अशरफ ने एक बयान में कहा, "आज अफगान क्रिकेट के लिए एक यादगार दिन है। हमारी पहली फ्रैंचाइजी और 'कोह-ए-जफर' ट्रॉफ़ी का अनावरण एक ऐसी लीग बनाने के हमारे साझा विजन को दिखाता है जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करे। इस ट्रॉफी का नाम 'कोह-ए-जफर' जानबूझकर रखा गया है। जीत के पहाड़ पर एक सीजन में नहीं चढ़ा जा सकता - इसे सालों में बनाया जाता है, उन खिलाड़ियों द्वारा जो हमारे बाद आते हैं। आज हम उन फ्रैंचाइजी का अनावरण कर रहे हैं जो यह ज़िम्मेदारी उठाएंगी, और एक ऐसा कॉम्पिटिशन स्ट्रक्चर बना रहे हैं जो देश के हर युवा क्रिकेटर को ज़िला स्तर के मैदान से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का साफ रास्ता देगा।"एसीबी ने 2018 की शुरुआत में भी अफगानिस्तान प्रीमियर लीग शुरू की थी, लेकिन उस लीग का केवल एक सीजन ही पांच टीमों के बीच खेला जा सका। क्रिस गेल, ब्रेंडन मैकुलम और शाहिद अफ़रीदी जैसे बड़े नाम इसमें शामिल थे, लेकिन पेमेंट से जुड़ी दिक्कतों और लीग की ईमानदारी पर उठते सवालों के कारण इसे बंद कर दिया गया।
एक्सल यूनाइटेड काबुल के मालिक ने बयान में कहा, "यह वह शहर है जिसने अफगानिस्तान के कुछ बेहतरीन क्रिकेटर दुनिया को दिए हैं। हमारा काम एक ऐसी फैेचाइजी बनाना है जिसे वे खिलाड़ी और यह शहर अपना मान सकें - जो पेशेवर तरीके से चले, पहले दिन से ही मुक़ाबले के लिए तैयार हो और हमेशा बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित