काबुल , अक्टूबर 01 -- अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांतों में पाकिस्तानी वायुसेना के भीषण हवाई हमलों में कई बच्चों सहित कम से कम 10 नागरिकों की मौत हो गई है। अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन ने गुरुवार को इस घटना की पुष्टि की।

यूएन मिशन ने बताया कि इस हमले में नौ अन्य लोग घायल हुए हैं। मिशन ने सीमा पार जारी हिंसक गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए दोनों पक्षों से स्थिति को तत्काल शांत करने की अपील की है और आगाह किया है कि इस प्रकार की झड़पों का सबसे बड़ा खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

तालिबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने पहले जानकारी दी थी कि कुनार और हेलमंद में आवासीय क्षेत्रों को निशाना बनाकर किए गए इन हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित नौ नागरिक मारे गए हैं और 11 अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि हवाई हमलों से तीन रिहायशी मकान पूरी तरह तबाह हो गए हैं। स्थानीय निवासियों ने भी संपत्ति के भारी नुकसान और आम नागरिकों के हताहत होने की पुष्टि की है।

दूसरी ओर, पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि उसके हवाई हमले अफगानिस्तान के दो अलग-अलग स्थानों पर आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर चलाए गए "सुव्यवस्थित और सटीक" अभियान का हिस्सा थे।

पाकिस्तान सूचना मंत्रालय के अनुसार, शुरुआती रिपोर्टों में कम से कम 22 आतंकवादियों के मारे जाने और भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद नष्ट होने का दावा किया गया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने यह भी कहा कि अभियान के दौरान नागरिक हताहतों को रोकने के लिए पर्याप्त सावधानी बरती गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित