एमसीबी , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से अप्रैल माह के दौरान विशेष मोबाइल शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
इन शिविरों में पंजीयन, नवीनीकरण और विभिन्न योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।
श्रम विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के मनेंद्रगढ़, खड़गवां और भरतपुर विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में 10 से 28 अप्रैल तक चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को गांव स्तर पर ही सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविरों के दौरान ई-श्रम पंजीयन, श्रम योगी मानधन पेंशन योजना और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा पहले से पंजीकृत श्रमिकों के डाटा का नवीनीकरण और आवश्यक संशोधन भी मौके पर ही किया जाएगा। विभाग का मानना है कि इस पहल से असंगठित क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रमिकों को योजनाओं के दायरे में लाया जा सकेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मनेंद्रगढ़ विकासखंड के बंजी, सेमरा और बौरिडांड में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं खड़गवां क्षेत्र के महात्मा गांधी वार्ड, हल्दीबाड़ी सहित अन्य स्थानों तथा भरतपुर विकासखंड के जनुवा, पुंजी, सिंगरौली और कुंवारी ग्राम पंचायतों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों के सफल संचालन के लिए श्रम कल्याण निरीक्षकों, डाटा एंट्री ऑपरेटरों और अन्य संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी तय की गई है। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय प्रातः 10 बजे शिविर स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और श्रमिकों के आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
श्रम विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि शिविर से पूर्व संबंधित ग्रामों में मुनादी कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इन शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठा सकें। विभाग को उम्मीद है कि इस पहल से जिले में श्रमिक कल्याण योजनाओं की पहुंच और प्रभावशीलता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित