सागर , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र में अपहृत युवक को पुलिस ने बालाजी मंदिर के पास घायल अवस्था में बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी समीर बोहत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, दयानंद वार्ड निवासी शान मुहम्मद पठान ने शिकायत दर्ज कराई कि वह एक्सीलेंस स्कूल के पास रेडियम नंबर प्लेट की दुकान चलाते हैं, जहां उनका भांजा शेख अयान भी काम करता है। शेख अयान को समीर ने फोन कर एक्सीलेंस स्कूल के गेट के पास बुलाया था। फरियादी भी उसके पीछे वहां पहुंचे।
आरोप है कि ग्रे रंग की ईको गाड़ी से आए समीर और उसके साथियों ने शेख अयान को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। रोकने की कोशिश के दौरान फरियादी के बाएं हाथ की उंगली और बाईं जांघ में चोट आई। उन्होंने मोटरसाइकिल से गाड़ी का पीछा किया, लेकिन युवक का पता नहीं चलने पर गोपालगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस टीम ने तलाश के दौरान शेख अयान को बालाजी मंदिर के पास घायल अवस्था में पाया। उसका मेडिकल परीक्षण कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर बोहत, पिता जीतेंद्र बोहत, निवासी पंतनगर, पुरानी काली माता मंदिर के पास, थाना मोतीनगर को गिरफ्तार कर पूछताछ की। वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित