बारां , अप्रैल 25 -- राजस्थान में यहां व्यापारी के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और झालावाड़- बारां से सांसद दुष्यंत सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला पुलिस अधीक्षक से तत्काल जानकारी ली और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये।

दोनों नेताओं ने बारां के पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बातचीत कर कानून-व्यवस्था पर चिंता जतायी। श्रीमती राजे ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए।

भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार सहित अन्य पदाधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम से सांसद को अवगत कराया, जिसके बाद सांसद ने तुरंत प्रशासन से संपर्क साधकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों का सुरक्षा पर विश्वास कायम रहे।

भाजपा के पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाये जायें, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित