बैतूल , जून 01 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की सारणी पुलिस ने अपहरण कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को प्रकरण दर्ज होने के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार चिचोली थाना क्षेत्र के नसीराबाद निवासी जगदीश उईके (35) ने सारणी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 29 मई को अपने मित्र साजन विश्वकर्मा से मिलने सारणी आया था। सुबह लगभग साढ़े दस बजे वह छोटा मठारदेव स्थित ईंट भट्ठे के पास खड़ा था, तभी सफेद रंग की एक कार में सवार चार व्यक्ति वहां पहुंचे।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे जबरन कार में बैठा लिया और जंगल की ओर ले गए। वहां उसे धमकाकर उसके मोबाइल फोन के माध्यम से 40 हजार रुपये अपने खाते में स्थानांतरित करा लिए तथा एटीएम से 10 हजार रुपये भी निकलवा लिए। इसके बाद आरोपी उसे जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

मामले में सारणी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(5), 140(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में पंकज खातरकर (28) निवासी बांसवाड़ी दुधावानी थाना रानीपुर, मोनू रजक (27) निवासी श्रीराम कॉलोनी जिला गुना, यश रननवरे (20) निवासी हनुमान नगर यवतमाल (महाराष्ट्र) तथा ओमप्रकाश भोरबंशी (30) निवासी देशावाड़ी थाना शाहपुर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त कार जब्त कर ली है। मामले की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक प्रीति पालेवार, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके तथा आरक्षक मोहित भाटी, जितेंद्र मोरे और बलराम राजपूत की विशेष भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित