कपूरथला , जून 25 -- पंजाब में कपूरथला पुलिस ने चर्चित अपहरण एवं हत्या मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
पुलिस अधीक्षक (जांच) हरिंदर सिंह गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए गुरुवार को बताया कि आरोपी की पहचान नवजोत सिंह उर्फ मणी बाबा निवासी मुशकवेद, जिला कपूरथला के रूप में हुई है। उसे सीआईए स्टाफ, सिटी पुलिस और टेक्निकल सेल की संयुक्त टीम ने उत्तराखंड से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि यह मामला 23 अप्रैल को सिटी थाना कपूरथला में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता जसपाल सिंह ने आरोप लगाया था कि उसका पुत्र दीपक औजला रोड स्थित गिलानी गैस एजेंसी के पास मौजूद था, जहां नवजोत सिंह उर्फ मणी बाबा अपने साथियों लवप्रीत कुमार उर्फ प्रीत उर्फ लाला, रजनीदीप सिंह और एक-दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ पहुंचा। आरोपियों ने दीपक के साथ मारपीट की, उसे जबरन स्विफ्ट कार में अगवा कर लिया और बाद में उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103, 140(1), 191(3) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया था।
जांच के दौरान पुलिस पहले ही सह-आरोपी लवप्रीत कुमार उर्फ प्रीत उर्फ लाला निवासी दयालपुर, जिला जालंधर और लकी निवासी लखन कलां, कपूरथला को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी नवजोत सिंह फरार था।
श्री गिल ने बताया कि तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर 24 जून को उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार नवजोत सिंह उर्फ मणी बाबा के खिलाफ पहले से 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित