टिहरी , सितंबर, 05 -- उत्तराखंड में टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शनिवार को जौनपुर विकासखंड के सैंजी गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया और विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थलीय आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

इस दौरान ग्रामीणों ने सैंजी को जोड़ने वाली लिंक रोड को पक्का करने, बरसात में सड़क पर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए जल निकासी व्यवस्था बनाने और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए वाटर पार्क विकसित करने की मांग रखी। इसके साथ ही सड़क कटान तथा लखवाड़ बांध परियोजना से प्रभावित क्षेत्र से जुड़े मुआवजे की समस्याएं भी उठाईं। श्री नेगी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

करीब 60 से 70 परिवारों वाला सैंजी गांव मक्का उत्पादन और सामूहिक ग्रामीण परंपराओं के चलते 'मक्का विलेज' के रूप में पहचान बना रहा है। अधिकांश परिवार मक्का उत्पादन से जुड़े हैं। ग्रामीण घरों के बाहर मक्के को सुखाने के साथ पारंपरिक बीज को अगली फसल के लिए सुरक्षित रखते हैं।

गांव में एक ही स्थान पर स्थापित पारंपरिक ओखलियां भी आकर्षण का केंद्र हैं। ग्रामीण यहां सामूहिक रूप से मसाले, चूड़ा और अन्य पहाड़ी खाद्य सामग्री कूटते हैं। यह परंपरा गांव की सामुदायिक एकजुटता और पहाड़ी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करती है।

सैंजी में ग्रामीण पहल का एक अनूठा उदाहरण भी देखने को मिला। कनाडा में रह चुके एक ग्रामीण ने गांव में रेस्टोरेंट शुरू किया है, जिसका संचालन वह अपनी कनाडाई पत्नी के साथ कर रहे हैं। रेस्टोरेंट से होने वाली आय गांव में संचालित अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय के संचालन में लगाई जा रही है। पिछले करीब 10-12 वर्षों से विद्यालय में 150 से अधिक बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दिए जाने की जानकारी दी गई। श्री नेगी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के लिए अनुकरणीय प्रयास बताया।

उन्होंने कहा कि सैंजी में कृषि, पर्यटन, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। गांव की समस्याओं के समाधान के साथ स्थानीय संसाधनों और विशिष्ट पहचान को पर्यटन तथा आजीविका से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, कमल रावत, कुंवर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान सहित ग्रामीण, युवा और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित