सहारनपुर , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में अग्निवीर भर्ती की तैयारियों के सम्बन्ध में सम्बन्धित अधिकारियों एवं सेना के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।

जनपद में अग्निवीर भर्ती के तहत भारतीय सेना की ओर से 17 अगस्त से 10 सितंबर तक रैली का आयोजन किया जाना है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने निर्देश दिए कि स्टेडियम, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशन के आस-पास स्थल चिन्हित कर अभ्यर्थियों के लिए रात्रि में ठहरने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। रैली में आने वाले सभी अभ्यर्थियों को बेहतर से बेहतर सुविधा मुहैया कराई जाए। रैली से संबंधित सभी विभाग सौंपे गये दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं और अधिक बेहतर बनाने के लिए नागरिक सुरक्षा का भी सहयोग लिया जाए।

जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को पेयजल, साफ-सफाई, बेरीकेटिंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लाइट, शौचालय, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा, फॉगिंग आदि की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों का संचालन करने एवं अग्निशमन विभाग को रैली स्थल पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

यह रैली डा0 भीमराव अम्बेडकर स्टेडियम में होगी। रैली में प्रदेश के 13 जनपदों के अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। रैली में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, गौतमबुद्धनगर, हापुड, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ और बुलंदशहर के अभ्यर्थी आएंगे।

बैठक में सेना के भर्ती अधिकारी कर्नल सत्यजीत बेबले ने अधिकारियों को रैली के मद्देनजर की जाने वाली व्यवस्थाओं एवं आवश्यकताओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भर्ती रैली में 26 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। जनपद में प्रतिदिन लगभग 1200 अभ्यर्थी आएंगे। इस अवसर पर एसपी ग्रामीण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 प्रवीण कुमार, अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, उपजिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार सहित अन्य अधिकारीगण एवं सेना भर्ती के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित