, Sept. 26 -- भागलपुर,26 सितंबर (वार्ता बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर रेल पुलिस महानिरीक्षक एवं जिला प्रभारी पंकज कुमार राज ने शनिवार को भागलपुर और नवगछिया पुलिस जिला के सभी पुलिस अधिकारियों से अपराध नियंत्रण, विधि- व्यवस्था के साथ साथ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। श्री राज ने शनिवार को यहां भागलपुर और नवगछिया पुलिस जिला के प्रभारी एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर पुलिस की अधिकतम विजिबिलिटी खासकर , महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए "पुलिस दीदी" पहल की उपयोगिता एवं प्रभावशीलता जरुरी है। इसके साथ ही प्रमुख स्थलों और संवेदनशीलक्षेत्रों में प्रभावी पेट्रोलिंग तथा पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए।

श्री राज ने कहा कि दोनों जिलों के प्रमुख बाजार, बस अड्डे, स्कूल - काॅलेज, कामकाजी महिला के कार्यस्थल, विभिन्न कोचिंग सेंटर, महिलाओं एवं स्कूली छात्राओं के आवागमन वाले रास्तों के साथ साथ प्रमुख पर्यटन स्थलों और उसके पहुंच मार्गों पर विशेष नजर संबंधित पुलिस अधिकारी रखेंगे।

रेल पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि राज्य पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुरुप अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, जन सुरक्षा, डायल -112 की कार्यप्रणाली, लंबित कांडो के त्वरित निष्पादन, आम जनता के साथ बेहतर एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने और पुलिस की प्रभावी तथा दृश्यमान उपस्थिति बनाये रखने की दिशा में सभी पुलिस अधिकारी काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट रुप से पुलिस अधिकारियों को कहा कि दोनों जिलों के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, विधि- व्यवस्था और महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यदि ऐसा हुआ तो दोषी पुलिस अधिकारी और जवान बक्शे नहीं जाएंगे।

बैठक में भागलपुर के पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा सहित दोनों जिलों के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष और सभी पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित